सोनभद्र। जिले के बिल्ली मारकुंडी, बाड़ी व डाला क्षेत्र में मानकों की अनदेखी कर संचालित 17 स्टोन क्रशर प्लांटों को मंगलवार को सील दिया गया। वायु प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्थाओं की पर्याप्त व्यवस्था किए बिना यह स्टोन क्रशर संचालित किए जा रहे थे।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक नियमित जांच के दौरान मानकों के विपरीत 17 स्टोन क्रशर उद्योग संचालित पाए गए थे। इन क्रशर उद्योगों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ से वायु प्रदूषण नियमों के अंतर्गत बंदी आदेश जारी किए गए थे। बंदी आदेशों के बाद क्रशर संचालित होने का संज्ञान मिलने पर डीएम चंद्रविजय सिंह की तरफ से कमेटी का गठन कर तत्काल बंदी आदेशों का अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए। निर्देश के क्रम में मंगलवार को एसडीएम ओबरा और क्षेत्रीय कार्यालय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक सहायक केके मौर्य की देखरेख में प्लांटाें को सील कर दिया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार, लेखपाल व अन्य राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय अधिकारी उमेश कुमार गुप्ता का कहना है मानकों की अनदेखी किसी भी दिशा में बर्दाश्त नहीं होगी। पर्याप्त प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्थाओं के अभाव में संचालित स्टोन क्रशर उद्योगों को चिन्हित कर नियमित रूप से इस तरह की कड़ी कार्रवाई होती रहेगी।
इन स्टोन क्रशरों पर हुई कार्रवाई
मंगलवार को हुए सीलिंग की कार्रवाई के दौरान कामख्या इंटरप्राइजेज बिल्ली रासपहारी, आदिशक्ति स्टोन वर्क्स कोठा टोला डाला, न्यू सर्वोदय इंटरप्राइजेज बिल्ली मारकुंडी ओबरा, अवध स्टोन क्रशिंग समिति लंगड़ा मोड़ डाला, केशवा इंटरप्राइजेज बारी डाला, श्री वाराणसी स्टोन वर्क्स बिल्ली ओबरा, शीला इंटरप्राइजेज बिल्ली ओबरा, सत्यम स्टोन ग्रामोद्योग सेवा समिति बारी डाला, मां तरकुलहा देवी स्टोन वर्क्स बिल्ली ओबरा, विंध्य स्टोन रासपहरी ओबरा, गणेश इंडस्ट्रीज बिल्ली ओबरा, अवधेश स्टोन वर्क्स बारी डाला, दुर्गा इंडस्ट्रीज बिल्ली ओबरा, शारदा लक्ष्मी स्टोन प्रोडक्ट बिल्ली ओबरा, एके इंटरप्राइजेज रासपहाड़ी ओबरा, आदर्श स्टोन प्रोडक्ट रासपहाडी ओबरा, प्रसाद इंडस्ट्रीज बिल्ली मारकुंडी ओबरा को प्रदूषण मानकों के विपरीत चलाये जाने पर सील कर दिया गया।