सोनभद्र। जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने ओवरलोड वाहनों का संचालन बंद करने के लिए पांच टीमों का गठन किया है। क्षेत्रवार इन टीमों को जिम्मेदारी सौंपी है। चेताया है कि यदि किसी भी क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का संचालन पाया गया तो संबंधितों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि पूर्व में अवैध खनन, परिवहन व ई एमएम-11 पर अंकित मात्रा से ज्यादा मात्रा में लादकर उपखनिजों के परिवहन करने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए पिछले वर्ष तहसील स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया था। फिर नए सिरे से गठन किया गया है। डीएम ने बताया कि टीम ए में एसडीएम सदर, एआरटीओ, वरिष्ठ खान अधिकारी केके राय को थाना क्षेत्र हाथीनाला, चोपन, ओबरा, जुगैल व कोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम-बी में एसडीएम घोरावल, सीओ सीटी, एआरटीओ व खान अधिकारी अनंत कुमार सिंह को थाना क्षेत्र करमा, घोरावल, शाहगंज व राबर्ट्सगंज की, टीम सी में तहसीलदार सदर, सीओ सदर, एआरटीओ तथा खनिज विभाग के सर्वेक्षक योगेश शुक्ला को थाना क्षेत्र रायपुर, मांची, रामपुर, बरकोनिया तथा पन्नूगंज की जिम्मेदारी मिली है। टीम ई में एसडीएम, सीओ दुद्धी, एआरटीओ, खान निरीक्षक जीके दत्ता को थाना क्षेत्र दुद्धी, बभनी, विंढमगंज, बीजपुर, टीम डी में तहसीलदार दुद्धी, सीओ पिपरी, एआरटीओ व खनिज विभाग के सर्वेक्षक योगेश शुक्ला को थाना क्षेत्र पिपरी, अनपरा व शक्तिनगर की जिम्मेदारी दी गई है। डीएम ने बताया कि यह टास्क फोर्स टीम समय-समय पर डीएम के निर्देश पर निरीक्षण करेगी। साथ ही कार्रवाई की रिपोर्ट देगी।