अनपरा। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर स्थित काशी मोड़ वन विभाग कार्यालय के समीप ट्रांजिट कटाने को लेकर बेतरतीब खड़े वाहनों से आये दिन जहां जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न सिर्फ दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है बल्कि नागरिकों मे भारी आक्रोश व्याप्त है।
ऊर्जांचल की लाइफ-लाइन कहे जाने वाले वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग स्थित वन विभाग की ट्राजिट वसूली के कारण नागरिकों को जाम का झाम झेलना पड़ रहा है। सायं होते ही औड़ी थाने से काशीमोड़ तक कोयला लदे ट्रक मार्ग के दोनों पटरियों पर पूरी तरह से कब्जा कर लेते हैं। इससे आवागमन बाधित होने लगता है। बड़े वाहनों के एक साथ आमने-सामने आ जाने से जाम लग जाता है। वाहनों का ट्राजिट शुल्क पहले कटाने की होड़ में चालक व खलासी वाहनों को जहां-तहां खड़ा कर स्थिति को और भी भयावह बना रहे है। इस दौरान दो पहिया व चार पहिया वाहन किसी तरह रेगते हुए जाम से बाहर निकलने का प्रयास करते हैं। सबसे अधिक परेशानी आस-पास के निवास करने वाले लोगों को उठानी पड़ती है। जो जाम के कारण घंटो फंसे रहते हैं। लोगों ने लगातार जाम का कारण बन रहे वन विभाग बैरियर अन्यत्र स्थापित करने की मांग की है।