रेणुकूट। पिपरी नगर के मुरलीगढ़ी निवासी सुरेश शर्मा को शुक्रवार को त्रिवेणी एक्सप्रेस में छूटा बैग वापस मिल गया। बैग में शगुन के सामान थे। इससे उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
सुरेश शर्मा के पुत्र आशुतोष की शादी कुछ दिनों पूर्व उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई थी। यहां से परिवार व अपने खास 28 लोग शादी में शामिल होने गए थे। शुक्रवार को सुबह सभी लोग त्रिवेणी एक्सप्रेस से बरेली से रेणुकूट आ रहे थे। चोपन तक सभी का एसी बोगी में रिजर्वेशन था। वहां से उन लोगों ने स्लीपर में बोगी बदलकर रेणुकूट तक सफर किया। रेणुकूट स्टेशन पहुंचने पर सभी लोग उतर गए और सामान भी उतर गया। सारे लोग जब पिपरी स्थित निवास पर पहुंचे तो वहां दुल्हन के बैग की खोजबीन होने लगी। पता चला कि दुल्हन का बैग तो ट्रेन से उतरा ही नहीं। इससे घर में सियापा छा गया। बैग में दुल्हन के लाखों रुपये के कीमती गहने और कपड़े रखे हुए थे। घबराए लोग तत्काल रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और वहां स्टेशन अधीक्षक से संपर्क किया। स्टेशन अधीक्षक ने अपने स्तर से प्रयास किया लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला। तब परिजनों ने वाणिज्य विभाग में कार्यरत वाणिज्य यातायात निरीक्षक मन्नू राम से मुलाकात कर सारी बात बताई। वाणिज्य यातायात निरीक्षक ने वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक धनबाद आशीष कुमार से बात कर बैग की तलाश शुरू कर दी। कुछ घंटे के प्रयास के बाद बैग बरवाडीह जंक्शन पर मिल गया। वाणिज्य यातायात निरीक्षक मन्नू राम ने उसे सुरक्षित स्टेशन पर स्थित वाणिज्य विभाग के कार्यालय में रखवा दिया, जहां से शनिवार को दोपहर आ रही त्रिवेणी एक्सप्रेस में सुरक्षित बैग वापस आ गया। वाणिज्य यातायात निरीक्षक ने शनिवार की शाम परिजनों को बुलाकर सुरक्षित बैग सौंप दिया। सुरेश शर्मा ने बताया कि बैग में शगुन के सामान थे।