सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के किशुनपुरवा गांव में कोन-विंढमगंज मार्ग पर बुधवार की दोपहर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में बोलेरो भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कोई दूसरा घायल नहीं हुआ। मृतक वन निगम दुद्धी में इकाई अधिकारी (स्केलर) के पद पर तैनात था।
दुद्धी वन निगम क्षेत्र से जुड़े तमाम गांवों में वर्तमान में तेंदू पत्ता की तोड़ाई की जा रही है। इसकी निगरानी के लिए निगम ने तमाम कर्मचारियों को तैनात किया है। विभाग में स्केलर पद पर कार्य करने वाला काशीनाथ शर्मा (45) पुत्र गोपीनाथ शर्मा निवासी घिबही थाना घिचोरवा के जंगल में तेंदू पत्ता की तोड़ान की मानीटरिंग के लिए तैनात था। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी बाइक से कोन बाजार आ रहा था। उसे बाइक में पेट्रोल भरवाना था। वह बाइक से किशुनपुरवा गांव पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे एक बोलेरो ने उसे धक्का मार दिया। इससे काशीनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में बोलेरो भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि हादसे में बोलेरो सवार बाल-बाल बच गया। वह बोलेरो मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी किशुनपुरवा के ग्राम प्रधान प्रमोद जायसवाल ने थाना पुलिस को दी। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया है।