सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बेलखुरी गांव के समीप घोरावल-खलियारी मार्ग पर रविवार की देर शाम बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दंपती घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अनीता (32) की मौत हो गई, उनके पति गोपाल केशरी (33) घायल हैं।
शाम करीब साढ़े सात बजे रायपुर थाना क्षेत्र के निबी गांव निवासी गोपाल केशरी पत्नी अनीता को बाइक पर बैठाकर राबर्ट्सगंज की तरफ जा रहे थे। बेलखुरी गांव के समीप वे पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार से बोलेरो ने बाइक मेें टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर भाग गया। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क पर छटपटा रहे घायल दंपती को 108 नंबर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डाक्टर ने अनीता की हालत गंभीर देख उसे बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया। घरवाले महिला को ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। अस्पताल में पत्नी के शव से लिपटकर बिलख रहे गोपाल ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, कहा कि बोलेरो चालक की लापरवाही से हादसा हुआ। वह अपनी पत्नी को उसके मायके मारकुंडी लेकर जा रहा था। (ब्यूरो)