सोनभद्र। तपन और उसम का कहर सोमवार को भी जारी रहा। कड़ी धूप के चलते दस बजते-बजते लोग बेचैन हो उठे। अधिकांश लाग सिरदर्द, बदनदर्द, मितली, थकान की शिकायत करते रहे। स्कूल से घर जाने में बच्चों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
सोमवार को अधिकतम पारा 42.2 डिग्री दर्ज हुआ। यह रविवार की अपेक्षा .2 डिग्री कम दर्ज हुआ लेकिन पूरे दिन तीखी धूप और सुबह से ही जबरदस्त उमस से लोग परेशान रह। दस बजते-बजते बिना सिर ढंके घर से निकले लोगों की हालत गश खाकर गिरने वाली हो गई। जो लोग सिर ढंककर निकले थे, वह भी उमस और तपन के चलते बिलबिलाते नजर आए। तमाम लोगों की हालत बीमारों वाली बनी रही। उमस के चलते कूलर-पंखे भी बेमतलब साबित होते रहे। पसीने से तरबतर बदन बच्चे, बूढ़े, युवा सभी को परेशान किया रहा। उमस के साथ सबसे अधिक तीखी धूप की मार बच्चों को सहनी पड़ी। घर लौटते वक्त उनके कुम्हलाए चेहरे और बिना सिर ढंके घर जाते बच्चे दूसरों को भी चिंतित किए रहे। शादी-ब्याह का सीजन होने के कारण तमाम लोग घर से निकले रहे लेकिन तमाम लोग ऐसे रहे, जिन्होंने सुबह 11 से शाम चार बजे तक अपने को घर में ही कैद किए रखा। बीच-बीच में बिजली कटौती भी परेशान करती रही।