सोनभद्र। बैंक जनता के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करें। रोजगार परक योजनाओं को मूर्त रूप देने में सकारात्मक सहयोग कर जिले के विकास में सार्थक भूमिका निभाएं। यह बातें डीएम प्रमोद कुमार उपाध्याय ने कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में गुरुवार को बैंकों की जिला स्तरीय समीक्षा एवं जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक में कही।
कहा कि जो बैंकर्स जनता की भलाई के लिए काम करें, उनके खिलाफ समिति से प्रस्ताव पास कराकर, उन्हें सुधारा जाए। उन्होंने सीसीएल की पेंडिंग कार्यों को निस्तारित करने, किसान क्रेडिट कार्ड सुगमता के साथ बनाए जाने, किसानों को परेशान न करने की हिदायत संबंधितों को दी। लीड बैंक प्रबंधक करूणेश कुलश्रेेष्ठ को निर्देशित किया कि जिन बैंकों की प्रगति खराब है, उनमें सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएं, ताकि बैंकों का सीडी रेशियों बढ़े। कुलश्रेष्ठ नेे बिंदुवार तथ्य समिति के समक्ष प्रस्तुत की।बैठक में सीडीओ रामाश्रय, सविता, अफसर अली आदि मौजूद रहे।
डीएम प्रमोद कुमार उपाध्याय ने आल बैंक आरसेटी की कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में निदेशक आल बैंक आरसेटी रवि रंजन कुमार ने बताया कि जिले के शिक्षित, अशिक्षित बेरोजगारों को स्वरोजगार की ओर उन्मुख करने के मकसद से जिले के अग्रणी बैंक इलाहाबाद के जरिए प्रायोजित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान /आल बैंक आरसेटी की ओर से विभिन्न ट्रेडों जैसे-ट्रैक्टर रिपेयरिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, ड्रेस डिजाईनिंग, मोटर रिबाइडिंग, मुर्गी पालन, बकरी पालन, डेयरी एवं ब्यूटीशन आदि की ट्रेनिंग दी जाती है।