इलाके के भवानी नगर रहवासी क्षेत्र में स्थित पावर प्रोजेक्ट का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट 10 दिन से बंद है। इसके चलते उठ रही भारी बदबू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। बुधवार दोपहर बाद दुर्गंध से आजिज लोगों ने अव्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया।
क्षेत्र में स्थित पावर प्लांट से निकलने वाले शौच के पानी को उपचारित करने के लिए भवानी नगर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है। रहवारियों के मुताबिक पहले यह प्लांट दिन के साथ रात में भी चलाया जाता था लेकिन कुछ माह से इसे केवल दिन में ही चलाया जा रहा। इधर दस दिनों से प्लांट का संचालन पूरी तरह बंद है। प्लांट पर तैनात संविदा कर्मी ने बताया कि बिजली काट दिए जाने से प्लांट बंद है। इसी के चलते गंदे पानी से भारी बदबू उठने लगी है। रहवासियों का कहना है कि बिना शुद्धिकरण के शौच के पानी को रिहंद जलाशय में छोड़ा जा रहा है। इस अव्यवस्था से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बुधवार दोपहर प्लांट के पास एकत्रित लोगों ने पावर प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया और कहा कि जल्द प्लांट का संचालन शुरू नहीं कराया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान प्रमोद सिंह, विकास सिंह, हृदयानंद, उमेश लाल, अजय चौधरी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कोट
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की मोटर फुंक गई है। इसे दुरूस्त कराया जा रहा है। जल्द गंदे जल की सफाई शुरू हो जाएगी।
- अनिल कुमार, वरिष्ठ अभियंता (जलापूर्ति), एनटीपीसी/ सिंगरौली