सोनभद्र/मधुपुर। मुुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सदर ब्लॉक के बहुअरा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसको लेकर प्रशासन ने यहां दो दिन में ही ऊबड़-खाबड़ बदहाल सड़कों को दुरुस्त कर दिया गया है। जिस विद्यालय परिसर में शिक्षक और बच्चे बारिश में बैठने में परेशान होते थे, वहां टाइल्स बिछा दिये गए हैं। प्रशासन ने गांव के उन इलाकों की तस्वीर बदल दी है, जहां मुख्यमंत्री का कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण भ्रमण कार्यक्रम के तहत 12 सितंबर को राबर्ट्सगंज ब्लॉक के बहुअरा गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे। इसको लेकर प्रशासन ने गांव की तस्वीर बदलने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पूरी मशीनरी को गांव का कायाकल्प करने के लिए लगा दिया गया है। मंगलवार को डीएम, एसपी, सीडीओ सहित अन्य अधिकारियों की निगरानी में सैकड़ों मजदूर, राजगीर मिस्त्री, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन लगाए गए हैं। बहुअरा प्राथमिक विद्यालय में पुरानी दीवार को प्लास्टर और पुट्टी लगाकर नया कर दिया गया है। पानी के नल, बाउंड्रीवाल, शौचालय में टाइल्स लगाने के साथ ही प्रस्तावित मुसहर बस्ती के मुआयने के लिए लोक निर्माण विभाग ने पक्की सड़क का निर्माण कर दिया है। पूरी रात्रि कार्य कराकर सब कुछ फिट कर देने के लिए गांव में जेनरेटर भी लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त मंच के लिए चबूतरे का निर्माण, अनाज वितरण आदि संबंधित अधिकारी अपनी निगरानी में कराते नजर आए। बहुअरा गांव अब तक डीएफ नहीं हो सका है। हालांकि अधिकांश शौचालयों का निर्माण पूर्ण हो गया है। इस व्यवस्था को देख ग्रामीण काफी खुश नजर आ रहे हैं। उनका मानना है कि जो काम वर्षों में नहीं हो सका, वह सीएम के दौरे के कारण दो दिन में ही पूर्ण हो गया।