ओबरा। विभिन्न ऊर्जा निगमों में कार्यरत अवर अभियंताओं, प्रोन्नत अभियंताओं के ज्वलंत समस्याओं एवं न्यायोचित मांगों के निस्तारण की मांग को लेकर बुधवार को ओबरा के झरियानाला गेट पर राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने ध्यानाकर्षण सभा किया। यहां से उच्च बिजली प्रबंधन को संबोधित ज्ञापन अधीक्षण अभियंता मुख्यालय को प्रेषित किया गया।
शाखा संरक्षक इं. केएस सिंह ने कहा कि यदि ऊर्जा प्रबंधन अवर अभियंता संवर्ग के प्रमुख मांगों जैसी वेतन विसंगतियां, समयबद्ध वेतनमान एवं ऊर्जा निगमों के बेहतरी के लिए प्रस्तुत किए गए व्यवस्था सुधार के सुझावों पर विचार कर निर्णय नहीं करता है तो ध्यानाकर्षण आंदोलन एक बड़े आंदोलन का रूप लेगा। इससे ऊर्जा के शीर्ष प्रबंधकों के कुप्रबंधन के कारण प्रदेश में विद्युत उपभोक्ताओं की सेवा बुरी तरह प्रभावित होगी। औद्योगिक अशांति उत्पन्न होने की संभावना की स्थिति पैदा होगी। सभा में मुख्य रूप से इं. पंकज राव, मीरचंद पाल, अशोक श्रीवास्तव, विपिन आर्या, विद्याधर, आरके सिंह, मनोज कुमार, आनंद शंकर पांडेय, गोपीचंद, आशुतोष मिश्रा, कुमार कमलेश आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता इं. संजय सिंह एवं संचालन शाखा सचिव इं. अभय प्रताप सिंह ने किया।