यूपी बोर्ड की परीक्षा अगले माह है पर कई क्षेत्रों में इमरजेंसी बिजली कटौती एवं जर्जर तारों के चलते रोस्टर के अनुसार आपूर्ति नहीं हो रही है। विद्यार्थी तैयारी को लेकर परेशान हैं। रात में जब पढ़ाई का समय होता है तो तब बिजली गुल हो जा रही है।
केकराही: करमा क्षेत्र के पसही विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब आठ दर्जन गांवों में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे व शाम के समय छह बजे से रात्रि 10 बजे तक कटौती हो रही है। छात्र एजाजुल अहमद, फारूख हुसैन, निखिल, आशीष यादव, अंकिता त्रिपाठी, सुखबीर, आराधना, ममता, प्रदीप, सुकुमारी, पूनम आदि का कहना है कि रात्रि की बिजली कटौती बंद की जाए। ग्रामीण अरविंद त्रिपाठी, सोहराब, बदरेआलम, दिनेश सिंहापाठी, राघवेंद्र प्रताप राव आदि का कहना है कि यूपी बोर्ड की परीक्षा छह फरवरी से होनी है। एसडीओ अनिल कुमार का कहना है कि रोस्टर के हिसाब से कटौती की जा रही है। कंट्रोल रूप से निर्देश पर आपूर्ति की जा रही है।
चोपन: क्षेत्र में विद्युत कटौती चार घंटे हो रही है। सुबह आठ बजे से दस बजे तक और सांय चार बजे से आठ बजे तक कटौती हो रही है। जेई रामलाल ने कहा कि रोस्टर के अनुसार 20 घंटे आपूर्ति करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
रेणुकूट: रेणुकूट और पिपरी क्षेत्र में 20 घंटे आपूर्ति हो रही है। रोस्टर के अनुसार सुबह सात बजे से नौ बजे तक, शाम सात बजे से नौ बजे तक रोस्टिंग होती है। शाम को कटौती से लोगों को परेशानी होती है।
कोन: कचनरवा, चाचीकला, कोन समेत दर्जनों गांवों में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे और शाम छह बजे से रात नौ बजे तक आपूर्ति ठप रहती है। वैनी: क्षेत्र के गोटीबांध, राकी, नाको, सेमरिया, नंदना समेत दर्जनों गांवों में सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक और शाम छह बजे से सुबह आठ बजे तक का बिजली आपूर्ति का रोस्टर है। लेकिन अधिकांश गांवों में 12 से 15 घंटे ही बिजली रहती है।
डाला: क्षेत्र में सुबह आठ बजे से दस बजे तक और सांय चार बजे से शाम छह बजे तक आपूर्ति बाधित रहती है।
अनपरा: क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली मिलने का दावा किया जा रहा है। लेकिन अघोषित बिजली कटौती हो रही है।
बभनी: नधिरा सब स्टेशन और बकरिहवा फीडर से जुड़े गांवों में बुरा हाल है। अवर अभियंता राजीव वर्मा का कहना है कि लगातार 18 घंटे विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही है। दो फीडर दो घंटे बंद करके रोटेशन में चलाया जाता है। शिकायत पर उपकरण बदले जाने को लेकर कई पत्र अधिकारियों को दिया गया है ।
--------------------
वर्जन---
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरशन ने शहरी क्षेत्र में 24 घंटे और ग्रामीण इलाकों मे 18 घंटे आपूर्ति करने का रोस्टर रखा है। रोस्टर के अनुसार आपूर्ति करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
आरपी पटेल
एक्सईएन बिजली विभाग