रामकोट इलाके के विकास नगर खूबपुर के युवक ने कांशीराम कॉलोनी के पास स्थित कारखाने में सोमवार दोपहर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना के पीछे मानसिक अवसाद बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि युवक आर्थिक परेशानियों के कारण अवसाद में आ गया था।
रामकोट इलाके के विकासनगर खूबपुर निवासी अनुराग गुप्ता (26) का पड़ोस में कांशीराम कॉलोनी के पास कारखाना है। वह सोमवार दोपहर कारखाने में था। उसका भाई भी वहीं था। इसी बीच अचानक कमरे से गोली की आवाज आई।
गोली की आवाज सुनकर भाई घर पहुंचा। उसने परिवार व मोहल्ले वालों को घटना की जानकारी दी। सभी लोग मौके पर पहुंचे तो अनुराग खून से लथपथ पड़ा था। लोग उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से देशी तमंचा बरामद हुआ है।
अनुराग की पत्नी मायके गई थी। उसने पत्नी को भी फोन से घर बुलाया था। परिवारीजन का कहना है कि अनुराग ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस का कहना है कि अनुराग आर्थिक रूप से परेशान चल रहा था। उसने अपने कारखाने में ही देशी असलहे से गोली मार कर खुदकुशी कर ली।