थाना क्षेत्र के नसीरपुर देवरिया गांव में शुक्रवार रात हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर झोपड़ी पर जा गिरा, जिससे उसमें सो रही महिला की झुलसकर मौत हो गई। घटना की खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पावर कॉर्पोरेशन के जेई का कहना है कि बिल जमा न होने के कारण गांव की लाइन कई बार काटी गई, लेकिन ग्रामीणों ने उसे जोड़ लिया था। नसीरपुर देवरिया गांव में शुक्रवार रात हाईटेंशन लाइन का केबल टूटकर एक झोपड़ी पर जा गिरा, जिससे झोपड़ी में आग लग गई।
इस बीच वहां सो रहे रामप्रकाश व उसके परिवार के अन्य लोग किसी तरह बाहर आ गए, लेकिन राम प्रकाश की पत्नी लक्ष्मी (40) सामान उठाने के चक्कर में लपटों में घिरकर बुरी तरह झुलस गई। इस बीच ग्रामीणों ने किसी तरह लपटों पर काबू पाया। लोग उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, कि उसकी मौत हो गई।
लोग पॉवर कार्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। जेई बीएन सिंह का कहना है कि इस गांव के लोगों का बिजली बिल बकाया होने से कई बार गांव की आपूर्ति बंद की गई, लेकिन गांव के लोग लाइन जोड़ देते हैं। घटना से विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।