तंबौर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में रविवार की रात घरेलू गैस सिलिंडर से रिफिलिंग करते समय हादसा हो गया। अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों ने वैन को अपनी चपेट में ले लिया, इससे वैन पूरी तरह से जल गई। हादसे के दौरान तेज लपटें होने की वजह से लोग मौके पर नहीं जा सके। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस से लोगों की अवैध रिफिलिंग को लेकर जमकर नोकझोंक भी हो गई। पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में ले लिया है।
तंबौर कस्बे के मोहल्ला शेखन टोला में मुख्य सड़क पर आसिफ नाम का युवक दुकान पर अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार करता है। रविवार की रात मोहल्ला शेखन टोला निवासी मन्ने की वैन गैस रिफिलिंग हो रही थी, इसी बीच कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। वैन धूं-धूं कर जलने लगी।
आग की तेज लपटें देख आसपास के लोग घर छोड़ कर मौके से भाग खड़े हुए। आग की लपटें काफी तेज होने की वजह से ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। करीब एक घंटे तक वैन जलती रही, लेकिन कोई भी मौके पर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना पाकर मौके पर पहुंची तंबौर पुलिस की मोहल्ले के लोगों से अवैध कारोबार को लेकर नोकझोंक, कहासुनी हो गई।
एसओ तंबौर सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि दुकानदार को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में जांचकर अवैध रिफिलिंग करने वालों पर कार्रवाई होगी।
लंबे समय से चल रहा कारोबार, पुलिस अनजान
तंबौर के शेखनटोला में अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार लंबे समय से चल रहा है, लेकिन इसके बाद भी पुलिस चुप्पी साधे रही। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि दुकानदार के घर में कई सिलिंडर थे। अगर आग की आंच वहां तक पहुंचती तो हादसा कितना बड़ा हो सकता था, इसका अंदाजा लगा पाना मुश्किल होता।