महमूदाबाद/सीतापुर। नगर क्षेत्र में बिना पंजीकरण के चल रहे दो अस्पतालों को उपजिलाधिकारी दिव्या ओझा ने सील करने की कार्रवाई की है। नगर में अवैध तरीके से चल रहे कई निजी अस्पतालों की मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री से पोर्टल के जरिये शिकायत किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
सोमवार की शाम उपजिलाधिकारी दिव्या ओझा ने सीएचसी महमूदाबाद अधीक्षक डॉ. दिनेश त्रिपाठी के साथ न्यू नेशनल व आयुर्विजन अस्पताल पर छापा मारा। इन अस्पतालों का पंजीकरण लंबे समय से एक्सपायर चल रहा था। इसके बावजूद यह संचालित हो रहे थे। छापे के दौरान अस्पताल में पंजीकृत चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं मिले।
इस पर इन अस्पतालों को सील कर दिया गया है। अधीक्षक ने बताया कि दोनों अस्पतालों की शिकायतें मिली थीं, इसलिए जांच की गई थी। जांच के दौरान शिकायतें सही पाई गई हैं। नेशनल अस्पताल में चार व आयुर्विजन अस्पताल में एक मरीज मिला था। उपजिलाधिकारी की मौजूदगी में कार्रवाई की गई है। (संवाद)