जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब दो और लोग डेंगू की चपेट में आ गए हैं। इससे डेंगू की चपेट में आने वाले लोगों की संख्या 289 से बढ़कर 291 हो गई है। इनमें से एक मरीज को डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है।
हरगांव के मोहल्ला जलालीपुर निवासी सुबराती की पत्नी जाहिदा (65) को बीते एक सप्ताह से बुखार आ रहा है। परिवार के सदस्यों ने उसे प्राइवेट डॉक्टर को दिखाया। जिला अस्पताल में ब्लड जांच में डॉक्टरों ने डेंगू होने की पुष्टि हुई। उसे डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है।
खैराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर निवासी यासीन (18) भी एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित है। प्राइवेट डॉक्टर ने डेंगू का संदेह जताते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टर उसकी ब्लड जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।