प्राथमिक विद्यालय मझिगवां का निरीक्षण करते डीएम ।
- फोटो : प्राथमिक विद्यालय मझिगवां का निरीक्षण करते डीएम ।
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने बुधवार को बिसवां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मझिगवां नसीरपुर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में वीएचएसएनडी सत्र का औचक निरीक्षण किया। यहां आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंकिता और आशा को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश सीएमओ को दिए। इसके अलावा एएनएम प्रतिभा राजवंशी का 15 दिन का वेतन रोकने का फरमान सुनाया।
इसके बाद डीएम ने प्राथमिक विद्यालय मझिगवां नसीरपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। बच्चों की कम उपस्थिति पर खंड शिक्षा अधिकारी से मोबाइल पर बात कर नाराजगी जताई। बीएसए से मोबाइल पर बात कर विद्यालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। यहां दो शिक्षामित्रों के अनुपस्थित मिलने पर उनका एक दिन वेतन रोकने के निर्देश भी बीएसए को दिए। डीएम ने बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे-मिल की गुणवत्ता की जांची। बच्चों की यूनीफार्म एवं जूते सही न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की।
निपुण तालिका रजिस्टर का अवलोकन करते हुए सहायक अध्यापक अमित कुमार वर्मा को शैक्षणिक कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी बच्चे अनुपस्थित हैं, उनके अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को विद्यालय बुलाएं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।