गणतंत्र दिवस को लेकर झंडा खरीदती बच्चियां। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। गणतंत्र दिवस जिले में बुधवार को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। सुबह के समय सरकारी कार्यालयों, स्कूलों व प्रतिष्ठानों में ध्वजारोहण होगा। इसके अलावा देशभक्ति से ओतप्रोत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी भवनों को सजाने का सिलसिला मंगलवार को जारी रहा।
गणतंत्र दिवस को धूमधाम से मनाने के लिए जिले में कई दिनों से तैयारियां चल रही है। जिलाधिकारी ने इस दिवस को लेकर कई कार्यक्रम तय किए हैं। अफसरों की ड्यूटी लगा दी गई है। इसकी शुरुआत बुधवार सुबह होगी। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण करेंगे। एसपी आरपी सिंह पुलिस लाइन में ध्वजारोहण करके सलामी लेंगे।
इसके अलावा सभी स्कूल कॉलेजों में ध्वजारोहण किया जाएगा। तहसीलों में एसडीएम ध्वजारोहण करेंगे। सीएचसी पर सीएचसी अधीक्षक, ब्लॉक पर बीडीओ व बीआरसी पर बीईओ ध्वजारोहण करेंगे। विविध जगहों पर देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। मंगलवार को सरकारी भवनों को सजाने का सिलसिला जारी रहा। जिलाधिकारी व एसपी कार्यालय को शानदार लाइटों से सजाया जाता रहा। इस दिन जिला अस्पताल, कुष्ठ रोग आश्रम व अन्य जगहों पर फल व कंबल का वितरण होगा।
बाजार में तिरंगे की होती रही बिक्री
गणतंत्र दिवस को लेकर मंगलवार को बाजार में भी तैयारियां होती रही। लालबाग बाजार में छोटे बच्चे तिरंगे को खरीदते हुए दिखाई दिए। इसके अलावा कई लोगों ने अपने वाहन पर तिरंगे लगाने के लिए छोटे झंडे खरीदे। इससे बाजार में जमकर तिरंगे की बिक्री हुई। व्यापारियों ने बताया कि लोगों के अंदर देश प्रेम की भावना काफी दिखाई दी। वह तिरंगा खरीदकर इस गणतंत्र दिवस को धूमधाम के साथ मनाने के लिए काफी उत्सुक दिखे।
स्कूलों में नहीं होंगे कार्यक्रम
जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इस पर स्कूल कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रम इस बार नहीं होंगे। बीएसए अजीत कुमार ने बताया कि शिक्षक सुबह स्कूल जाकर ध्वजारोहण करेंगे। इस दौरान स्कूल का स्टॉफ मौजूद रहेगा। कोविड की वजह से स्कूल में बच्चे नहीं आएंगे। इससे यहां पर कार्यक्रम नहीं होंगे।