सीतापुर। वित्तीय वर्ष का अंतिम माह होने के कारण राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से भू संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने वालों को परेशानी से बचाने की पहल निबंधन विभाग ने की है। इसके तहत जिले के सभी निबंधक कार्यालय में अब रजिस्ट्री का काम शाम पांच बजे की बजाय छह बजे तक होगा। रजिस्ट्री के समय में एक घंटे की बढ़ोत्तरी का सीधा फायदा खरीदारों को मिलेगा।
स्लॉट बुक करने का भी समय चार बजे से बढ़ाकर शाम पांच बजे कर दिया गया है। जिले में यह व्यवस्था शुक्रवार से ही लागू हो गई। स्टांप व न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल के निर्देश पर जमीनों की रजिस्ट्री कराने के लिए एक घंटे का समय बढ़ाया गया है।
इसके साथ ही मार्च माह के अंतिम रविवार को भी पंजीकरण कार्यालय खुला रहेगा। ताकि अवकाश के दिन भी रजिस्ट्री का कार्य कराया जा सके। सब रजिस्ट्रार दफ्तर के वरिष्ठ सहायक अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को शाम छह बजे तक दफ्तर खुला रहा। इस दौरान स्लॉट बुक कराने वालों की रजिस्ट्री की गई।