संदना। बाघिन इलाके में स्वछंद घूम रही है। बृहस्पतिवार को इमलीपुरवा के पास खेतों में मिले ताजा पगचिह्न इसकी पुष्टि कर रहे हैं। वन विभाग ने आसपास सघन तलाश अभियान चलाया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। बाघिन का पता लगाने में 36वें दिन भी वन विभाग के नाकाम रहने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ताजा पगचिह्नन मिलने पर दहशत भी बढ़ गई है।
मिश्रिख रेंज में बाघिन ने 15 जुलाई को रसुलवा निवासी किसान कमल किशोर पर हमला कर मार डाला था। इसके बाद बाघिन की तलाश में वन विभाग का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। 20 जुलाई को बाघिन ट्रैप कैमरे में कैद हुई थी। इसके बाद से वन विभाग लगातार ट्रैप कैमरों और ड्रोन के जरिये उसकी निगरानी कर रहा है, लेकिन अब तक बाघिन दोबारा ट्रैप कैमरे में कैद नहीं हुई।
वन विभाग की टीम भी उसे तलाश नहीं पा रही है। बृहस्पतिवार को इमलीपुरवा के पास खेतों में बाघिन के नए पगचिह्न मिले हैं। इसके बाद वन विभाग ने बिजुआमऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में कॉम्बिंग करते हुए उसका पता लगाने का प्रयास किया। हांलाकि, वन विभाग की टीम इस बार भी बाघिन का पता लगाने में असफल रही।