सीतापुर। मछरेहटा पुलिस ने सूचना मिलने पर दबिश देकर एक नाबालिग समेत तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बाइक और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।
एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर मछरेहटा पुलिस ने इलाके के सलहाबाद तालाब के पास दबिश दी, जहां से रामकोट के रस्योरा गांव निवासी अरबाज उर्फ सानू, रिजवान, एक नाबालिग को पकड़ा गया। पुलिस के मुुताबिक पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल, दो घड़ी, दो असलहे, एक बाइक बरामद हुई है।
पुलिस की माने तो पूछताछ में आरोपियों ने मछरेहटा के सलहाबाद में हुई घटना, नैमिषारण्य के चक्रतीर्थ व सवा महीने पहले थाना रामकोट क्षेत्र के परसेहरा से हुई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कुबूल किया है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों पर केस दर्जकर जेल भेजने की कार्रवाई की है।