सीतापुर। संयुक्त किसान मोर्चा के रेल रोको आंदोलन को देखते हुए रेलवे ने लखनऊ से सीतापुर के रास्ते लखीमपुर होते हुए मैलानी जाने वाली दो ट्रेनों को निरस्त कर दिया। लखनऊ से चलकर आई एक ट्रेन को सीतापुर में निरस्त किया गया। ट्रेनों के निरस्त होने से करीब 70 मुसाफिर जंक्शन से मायूस होकर लौट गए है।
आंदोलन को असफल करने के लिए पुलिस व प्रशासन की रणनीति कारगर साबित हुई। जिले में कहीं भी किसान ट्रेन को रोक नहीं पाए। आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।
लखीमपुर की घटना और कृषि कानूनों को रद करने की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर पिछले दिनों संयुक्त किसान मोर्चा ने 18 अक्तूबर को रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दी थी। किसान मोर्चा के आह्वान को देखते जिले में आंदोलन को बेअसर करने के लिए पिछले कई दिनों से डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह रणनीति बनाकर काम कर रहे थे।
प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने जिले से होकर गुजरने वाली तीन ट्रेनों को निरस्त करने का फैसला लिया। गोरखपुर से चलकर लखनऊ होते हुए सीतापुर के रास्ते लखीमपुर वाया मैलानी जाने वाली गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 05009 को रेलवे ने सोमवार को रद कर दिया। यह अप ट्रेन लखनऊ से सीतापुर के रास्ते मैलानी होकर जाती है।
मैलानी से लखनऊ होते हुए गोरखपुर जाने वाली डाउन 05010 को भी निरस्त कर दिया गया था। ऐसे में सोमवार की सुबह सीतापुर जंक्शन पर पहुंचे मुसाफिरों को इन ट्रेनों के निरस्त होने की जानकारी मिली। एनाउंसमेंट सुनकर यात्री मायूूस होकर लौट गए। जंक्शन अधीक्षक एके शुक्ला ने बताया कि करीब 60 से 70 यात्री जंक्शन से लौट गए है।
लखनऊ से चलकर सीतापुर होते हुए मैलानी को जाने वाली लखनऊ-मैलानी पैैसेंजर ट्रेन संख्या 05086 लखनऊ से सीतापुर तक पहुंची, लेकिन रेलवे ने इस ट्रेन को इसके आगे नहीं जाने का फैसला लेते हुए निरस्त कर दिया। इस तरह से कुल तीन ट्रेनें रेल रोको आंदोलन को देखते हुए निरस्त की गई।
डीएम, एसपी दिनभर जिले में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। डीएम-एसपी ने कमलापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर सुरक्षा परखी और मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए। जंक्शन, सिटी स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी भी मुस्तैद नजर आई। आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से हुआ।
कड़े पहरे में रहे ये स्टेशन
आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। जंक्शन, सिटी स्टेशन, खैराबाद, कमलापुर, सिधौली, अटरिया, महमूदाबाद, पैंतेपुर, बिसवां, टप्पा खजुरिया, परसेंडी, हरगांव, हेमपुर, महोली, रामकोट, नैमिषारण्य से लेकर सभी स्टेशनों पर डीएम, एसपी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। संबंधित इलाकों के एसडीएम, सीओ, थानेदार पुलिस फोर्स के साथ पूरे दिन स्टेशन से लेकर इलाके की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे।
दिनभर खड़ी रही ट्रेन, शाम को लखनऊ रवाना
रेल रोको आंदोलन को देखते हुए सीतापुर जंक्शन पर निरस्त की गई लखनऊ-मैलानी पैैसेंजर ट्रेन 05086 पूरे दिन खड़ी रही। इसके बाद शाम को 6 बजे रेलवे ने इस ट्रेन को 05085 बनाकर लखनऊ की ओर रवाना कर दिया।
रेल रोको आंदोलन को देखते हुए तीन ट्रेनें निरस्त की गई थी। गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस अप-डाउन निरस्त थी। लखनऊ-मैलानी पैसेंजर ट्रेन को सीतापुर में रद कर दिया गया था। इस ट्रेन में आए यात्रियों को लखनऊ से सीतापुर तक का ही टिकट जारी किया गया था। जंक्शन से 60 से 70 यात्री लौटे होंगे।
- एके शुक्ला, जंक्शन अधीक्षक