सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में अचानक शॉर्ट सर्किट होने के चलते तीन दुकानों में आग लग गई। आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में करीब पांच लाख का माल जलकर राख हो गया।
शहर कोतवाली इलाके में बस अड्डा चौराहे से सीतापुर जंक्शन मार्ग पर स्थित बजाज एजेंसी के सामने मोहल्ला सदर बाजार निवासी कुलदीप, योगेश और ब्रजेश की तीन दुकानें हैं। इसमें एक दुकान में कारों की मरम्मत का काम और दूसरी में ट्रैक्टर की मरम्मत का काम होता है। तीसरी दुकान में मरम्मत का सामान रखा जाता है। मंगलवार सुबह दुकान मालिकों को चौकीदार ने दुकान में आग लगने की सूचना दी। चौकीदार ने बताया कि एक दुकान में शाूर्ट सर्किट होने के चलते आग लग गई। आग की लपटों ने तीनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
मुख्य मार्ग पर दुकान होने के कारण काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे दुकान मालिक ने इसकी जानकारी दमकल विभाग की टीम को दी। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने काफी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान में रखा करीब पांच लाख का माल जलकर राख हो गया।