डेंगू से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। अब इसने जेल में भी दस्तक दे दी है। एक बंदी डेंगू की चपेट में आ गया है। वहीं दो अन्य में भी डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। इनमें से एक स्वच्छता मिशन के जिला समन्वयक हैं।
जिनको लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बंदी व एक अन्य मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुजावलपुर निवासी रामू (26) दहेज एक्ट के मामले में जिला कारागार में निरुद्ध है। उसे एक सप्ताह से बुखार आ रहा है।
जेल प्रशासन ने जांच के लिए उसको जिला अस्पताल भेजा। यहां पर डॉक्टरों ने ब्लड की जांच कराई। जांच में रामू को डेंगू की पुष्टि हुई है। उसकी प्लेटलेट्स 12 हजार के करीब बताई गई है।
स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक अंजनी कुमार सिंह (39) को भी एक सप्ताह से बुखार आ रहा है। प्राइवेट चिकित्सक ने जांच के बाद डेंगू की पुष्टि की। बताया कि अंजनी कुमार सिंह की प्लेटलेट्स नौ हजार ही बची हैं। डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
उन्हें लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती किया है। शहर के मोहल्ला दुर्गा पुरवा निवासी सुरेश कुमार की पत्नी शशि देवी (42) को भी एक सप्ताह से बुखार आ रहा है।
परिवार ने शशि देवी को भी जिला अस्पताल में दिखाया। यहां पर डॉक्टर ने जांच के बाद शशि देवी को डेंगू होने की पुष्टि की। उसे जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है।