लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में बुधवार की रात शराब सेल्समैन से लूटपाट कर रहेे भाग रहे तीन बदमाशों को पुलिस और ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दबोच लिया। एक को ग्रामीणों ने पकड़ा, जबकि दो बदमाश पुलिसिया घेराबंदी देख तालाब में कूद गए, लेकिन बाद में पकड़े गए। पकड़े गए बदमाशों को जेल भेजकर मामले में कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए बदमाशों में दो लखीमपुर के निवासी हैं।
लहरपुर इलाके के बेनी सरांय निवासी कपिल जायसवाल गेरुहा में शराब दुकान का सेल्समैन है। बताया जाता है कि बुधवार की रात वह दुकान बंदकर बाइक से घर जा रहा था। गांव के निकट पहुंचने पर कल्ली गांव का रास्ता पूछने के बहाने तीन बदमाशों ने बाइक सवार सेल्समैन को रोक लिया। बाइक सवार के रुकते ही बदमाशों ने असलहा तानकर उसे कब्जे में लिया।
इसके बाइक, मोबाइल, पर्स लूट लिया, विरोध करने पर बदमाशों ने सेल्समैन की पिटाई कर दी। इसके बाद उसे बांधकर गन्ने के खेत में डाल दिया। काफी मशक्कत के बाद सेल्समैन बंधन मुक्त हुआ, उसने ग्राम प्रधान को घटना की सूचना दी। प्रधान और गांव के लोग लामबंद होकर बाहर आए। लोगों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया।
गन्ने के खेत की घेराबंदी करने पर दो बदमाश पास में स्थित तालाब में कूद गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तालाब में कूदे दोनों बदमाशों को असलहा-कारतूस के साथ पकड़ लिया है। घटना की जानकारी पाकर एसपी आरपी सिंह, एएसपी डॉ. राजीव दीक्षित व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर लहरपुर मनीष सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान लखीमपुर सांई टोला निवासी कयूम, शहंशाह, सकरन निवासी रामकुमार के रूप में हुई है।
बदमाशों के कब्जे से सेल्समैन की लूटी गई बाइक, असलहा-कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए तीनों बदमाशों पर केस दर्ज करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। बदमाश कयूम पर 12 से अधिक मामले सीतापुर, लखीमपुर में दर्ज हैं। शहंशाह और गुड्डू पर भी छह-छह संगीन मामले दर्ज हैं, तीनों काफी शातिर अपराधी हैं।
लूटपाट की घटना में थाना हरगांव इलाके के रानीपुरवा निवासी मोहन, छोटेलाल की संलिप्तता भी है। घटना की साजिश में वह दोनों भी शामिल हैं। ऐसे में उसके खिलाफ भी 120 बी का केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।