गोंदलामऊ (सीतापुर)। संदना थाना क्षेत्र में चोरों ने शनिवार रात दो घरों से चार लाख की नकदी समेत आठ लाख का माल पार कर दिया। एक घर में ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़ लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। लगातार हो रही चोरियों से लोगों में आक्रोश है।
संदना थाना क्षेत्र के रामगढ़ मोड़ पर बने संतोष लाल के घर में चोरों ने प्रवेश किया और चार लाख की नकदी समेत करीब दो लाख के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने बताया कि उसने कार खरीदने के लिए घर में नकदी रखी थी। चोरों ने घर में ही बनी कॉस्मेटिक की दुुकान से 15 हजार की नकदी भी पार कर दी। गृहस्वामी ने बताया कि घर के सभी लोग घर की छत पर सो रहे थे। सुबह होने पर उनको घटना की जानकारी हुई।
दूसरी तरफ संदना थाने से एक किलोमीटर की दूरी पर सरौसा मोड़ निवासी गुनी राम गुप्ता के घर से चोरों ने 42 हजार रुपये समेत करीब डेढ़ लाख के जेवरात चोरी कर लिए। उसी समय घर में सो रही महिला की नींद टूटी। उसने घर में तीन लोगों को देखा। महिला ने अचानक शोर मचाना शुरू कर दिया।
मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए तो चोर अचानक भाग खड़े हुए। लोगों ने दौड़ाकर एक चोर को पकड़ लिया। जिसको पुलिस के हवाले कर दिया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर साक्ष्य बटोरे हैं। मामले में एसओ संदना फतेह सिंह ने बताया कि तहरीर के अनुसार केस दर्ज किया गया है। टीम गठित कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
थाना इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र की जनता काफी नाराज है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों की वजह से उनको रात-रात भर जगकर खुद ही घर की रखवाली करनी पड़ रही है। इलाके की पुलिस चोरी की घटनाओं पर लगाम नहीं लगा पा रही है। इससे उसकी कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।