सीतापुर। जहांगीराबाद व नैमिषारण्य में बुधवार को बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान बिजली उपभोक्ताओं को कटौती से जूझना पड़ा। इनवर्टर ने भी कुछ समय बाद साथ छोड़ दिया। उपभोक्ता बिजली व पानी के संकट से जूझते रहे।
त्योहारी सीजन पर कटौती के कारण व्यापार पर असर पड़ा। उधर, शटडाउन के बाद विभाग के कर्मचारियों ने संबंधित लाइनों पर अनुरक्षण कार्य किया। अवर अभियंता, नैमिषारण्य अलंकृत मिश्रा ने बताया कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति देने की तैयारी है। लाइन पर कई जगह मरम्मत का काम होना था। बुधवार को मरम्मत का काम किया गया है। कुछ काम बाकी है जो बृहस्पतिवार को होगा।
वहीं, 33/11केवी नीमसार टाउन व ग्रामीण उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति भी ठप रही। सुबह नौ से 11 बजे तक दो घंटे की कटौती हुई। इस दौरान पेड़ों के डालों की छंटाई की गई। इसी तरह विद्युत उपकेंद्र रेउसा व सांडा में अनुरक्षण कार्य किया गया। यहां बृहस्पतिवार को भी दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। उपखंड अधिकारी रेउसा शुभम शर्मा ने बताया कि सभी उपभोक्ताओं से अपील है कि वह कटौती के दौरान संयम बनाएं रखें। त्योहारी सीजन में किसी को कोई शिकायत नहीं होगी।