महमूदाबाद। नवीन गल्ला मंडी के धान क्रय केंद्र का बुधवार को उपजिलाधिकारी शिखा शुक्ला व सीओ दिनेश शुक्ला ने निरीक्षण किया। इस दौरान पीसीएफ के पांच, पीसीयू के पांच, यूपी एसएस का एक केंद्र प्रभारी अनुपस्थित मिला। वहीं खाद्य विभाग के पांच सेंटरों पर तौल होती मिली। बुधवार को 250 क्विंटल धान की तौल हुई।
भारतीय खाद्य निगम केंद्र पर मौजूद प्रभारी राधे रमन मौर्य उपजिलाधिकारी शिखा शुक्ला को धान खरीद संबंधित कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। इसके साथ इस केंद्र पर कुर्सी मेज व रजिस्टर व नमी मापक यंत्र भी नदारद मिला। केंद्र प्रभारियों की अनुपस्थिति व धान तौल में प्रभारियों की लापरवाही पर उपजिलाधिकारी ने कर्मचारियों को फटकार लगाई। इसके साथ इंस्पेक्टर महमूदाबाद अनिल सिंह को सड़क पर लगने वाली जाम को खत्म करवाने का निर्देश दिया।
वहीं, उपजिलाधिकारी ने मंडी सचिव ऋषभ जैन से मंडी के अंदर लगे कांटा से तौल करवाने व बाहर लगे कांटे को दिखवाने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी शिखा शुक्ला ने बताया कि धान क्रय केंद्र में अनुपस्थित प्रभारियों की रिपोर्ट बनाकर अपर जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। पांच केंद्रों पर 250 क्विंंटल धान की खरीद हुई है। अभी तक कुल 620 क्विंटल धान की खरीद हुई है।