कमलापुर (सीतापुर)। दीपावली में जुएं के फड़ पर ताश देखने को लेकर उपजे विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हो रही मारपीट की सूचना पर बीच बराव करने गई एक महिला मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
कमलापुर इलाके के जतहा में दिवाली के दिन जुआ हो रहा था, जहां पर गांव के निवासी किशोर और कमलेश का जुएं के फड़ पर ताश देेखने को लेकर विवाद हो गया। मौके पर मामला शांत हो गया। इसके बाद आरोप है कि शाम को कमलेश के परिवार के चाचा शंकर के दरवाजे पर पहुंच कर किशोर ने नशे में गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर मामला और तूल पकड़ गया। इसके बाद कमलेश व दसरे पक्ष के करन, किशोर आदि के बीच मारपीट होने लगी। घटना की सूचना पाकर कमलेश के परिवार की जगदेई (61) मौके पर आ गईं और बीच बराव करने लगी।
बताया जाता है कि बीच बराव में जगदेई गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर शंकर ने पुलिस को तहरीर दी है।
एसओ कमलापुर मनीष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में रामकिशोर, करन, महेश, पप्पू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी।