सकरन (सीतापुर)। घर से नाराज होकर निकले टेंट व्यापारी के पुत्र की लोकेशन शुक्रवार को दिल्ली में पाई गई। परिजन उनको लेने के लिए रवाना हो गए।
कस्बा निवासी टेंट व्यापारी केशवराम भार्गव के पुत्र अनूप कुमार (22) बुधवार दोपहर संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गए थे। शाम तक घर वापस न आने पर चिंता हुई तो परिजन उनकी तलाश में लग गए। अनूप का मोबाइल बंद होने के कारण कहीं पता नहीं चल पाया।
अनूप के पिता ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए पुलिस को मामले की तहरीर दी थी। थानाध्यक्ष कृष्णकुमार ने बताया कि गुमशुदगी दर्जकर अनूप की तलाश शुरू कर दी गई थी। उन्हें खोज लिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बृहस्पतिवार शाम सीडीआर निकलवाई थी। उसमें अनूप की लोकेशन दिल्ली में मिली। जानकारी करने पर पता चला कि वह घर से गुस्सा होकर अपने एक मित्र के साथ दिल्ली चले गए थे। उन्हें लेने के लिए परिजन पुलिस टीम के साथ दिल्ली रवाना हो गए।