सीतापुर। पात्र युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में वोटर बनाने और बीएलओ नियुक्त करने को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को बैठक की। पुनरीक्षण कार्य की जानकारी दी। इसके साथ ही सभी बूथों पर बीएलओ नियुक्त कर उनका विवरण जिला निर्वाचन दफ्तर में उपलब्ध कराने के लिए कहा।
एडीएम नीतीश कुमार सिंह ने मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए पात्रता की तिथियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, उनके लिए मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए पात्रता के रूप में चार तिथियां तय की गई हैं।
प्रत्येक वर्ष पहली जनवरी को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और पहली अप्रैल, पहली जुलाई व पहली अक्तूबर को निरंतर पुनरीक्षण के लिए तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों पर पात्र मतदाता वोटर हेल्पलाइन डाउनलोड कर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
एडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि अपनी-अपनी पार्टी से सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में समस्त मतदेय स्थलों पर बीएलओ नियुक्त कर उनके नाम, पता व मोबाइल नंबर आदि की सूची उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही इस कार्यक्रम में अपना पूर्ण सहयोग भी प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि बीएलए बूथ लेवल एजेंट को निर्देशित करें कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में भ्रमण कर पात्र युवा मतदाताओं के फार्म-6 अधिकाधिक संख्या में भरवाने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग प्रदान करें।
बैठक में बीजेपी के उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, समाजवादी पार्टी के राजकिशोर, कांग्रेस के रामपाल यादव, बीएसपी के अजीत कुमार, अपना दल एस के राजू, आम आदमी पार्टी के अवधेश संग चुनाव दफ्तर के अफसर व कर्मी मौजूद रहे।