सीतापुर। जिले में विधानसभा चुनाव को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा का पूरा खाका खींच दिया गया है। चौकसी इतनी कड़ी रहेगी कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रहेगी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा होगा। जिले की सीमाएं सील रहेंगी। पूरे जिले को 32 जोन में बांट दिया गया है।
जिले में 23 तारीख को लोकतंत्र का महापर्व है। चुनाव को भयमुक्त, निष्पक्ष तरीके से और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पिछले काफी समय से डीएम विशाल भारद्वाज व एसपी आरपी सिंह जुटे थे। अब चुनाव का समय काफी करीब आ चुका है। दो दिन ही बचे हैं। ऐसे में पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका खींच लिया है। सुरक्षा में कहीं कोई चूक नहीं होने दी जाएगी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिले को 32 जोन में बांटा गया है। नौ सुपर जोन बनाए गए हैं। सुरक्षा को लेकर काफी पुलिस फोर्स बाहर से आ रही है। बूथ के अंदर से लेकर बाहर तक कड़ी सुरक्षा में मतदान किया जाएगा। जिले की सीमाएं सील रहेंगी। कड़ी नाकेबंदी कर चेकिंग की जाएगी। बिना जांच किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
बूथ के अंदर रहेगा अर्धसैनिक बल
शांतिपूर्ण चुनाव के लिए किस पुलिस को कहां पर तैनात किया जाएगा, कौन, कहां क्या जिम्मेदारी संभालेगा, यह भी तय हो गया है। बूथों के अंदर बाहर से आई पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को लगाया गया है। इसमें केंद्रीय पुलिस बल में महिलाएं भी होंगी, जबकि बूथ के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था को चुुस्त दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी जिले की पुलिस के कंधों पर होगी।
150 अर्धसैनिक बलों की कंपनियां संभालेंगी सुरक्षा
एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि जिले के हर थाने में एक कलस्टर मोबाइल की टीम बनाई गई है। इस टीम में चार सिपाही और एक दरोगा होगा। इसके अलावा क्यूआरटी की टीमें बनाई गईं हैं, जिसमें अर्धसैनिक बलों और पुलिस के जवान भी होंगे। चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी जिले की पुलिस के अलावा बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ के जवान संभालेंगे। अर्धसैनिक बलों की 150 कंपनियों को बुलाया गया है। एक कंपनी में 125 जवान होंगे।
पुलिस अलर्ट, वाहनों की तलाशी हुई तेज
चुनाव करीब देख जिले की पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। वाहनों की चेकिंग से लेकर सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। लगातार वाहनों की जांच पड़ताल जारी है। रविवार को भी एसपी आरपी सिंह के आदेश पर पूरे जिले में वाहनों की चेकिंग कर तलाशी ली गई। शहर कोतवाली इलाके में वैदेही वाटिका के पास शहर कोतवाल टीपी सिंह ने कई घंटों तक गहनता से वाहनों की तलाशी लेकर जांच पड़ताल की। यह कार्रवाई पूरे शहर में पूरे दिन चलती रही।
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं। जिले की सीमाएं सील रहेंगी। 22 फरवरी से कड़ी निगरानी शुरू हो जाएगी। बाराबंकी, बहराइच, लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर जिले की सीमाओं से आने वालों पर कड़ी नजर रहेगी। जांच पड़ताल के बाद ही एंट्री मिलेगी। लोगों से अपील है कि वह पुलिस का सहयोग करें।
- एनपी सिंह, एएसपी साउथ