युवक की मौत के बाद पहुंचे भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी।
- फोटो : युवक की मौत के बाद पहुंचे भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी।
सीतापुर। थानगांव के रेतीपुरवा गांव के पास बृहस्पतिवार को दो बाइक टकरा जाने से एक बाइक पर सवार किशोर की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मामले में घायलों के परिजनों ने सीएचसी प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। सूचना पर सीएचसी पहुंचे भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने चिकित्सकों से नाराजगी व्यक्त की। साथ ही सीएमओ से मामले की जांच कराने की बात कही।
सांवलिया गांव निवासी दिलीप भार्गव (17) अपनी बाइक से बृहस्पतिवार को निजी कार्य से जा रहे थे। दूसरी बाइक पर गांव के ही रविशंकर (20) व बसंत निषाद (24) खेत में फसल की कटाई करने के लिए जा रहे थे। वह रेतीपुरवा गांव के पास खड़े होकर किसी का इंतजार करने लगे। इसी बीच दिलीप की बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। किसी ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी रेउसा में भर्ती कराया गया। इनमें दिलीप की हालत अधिक गंभीर थी।
दिलीप की मां मीना देवी ने आरोप लगाया कि सीएचसी में स्वास्थ्यकर्मियों ने बाहर से दवा लाने के लिए भेज दिया। वहीं, हालत बिगड़ने पर जब परिजनों ने दिलीप को रेफर कराकर किसी दूसरे अस्पताल जाने की बात कही तो उन्हें समय से एंबुलेंस नहीं मिली। इससे दिलीप की मौत हो गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने आरोपों को नकारा है। थानाध्यक्ष रेउसा हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजन कोई तहरीर देते हैं तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।