सीतापुर। शहर कोतवाली स्थित एपीटीसी में निर्माणाधीन भवन में एक टेक्नीशियन का पैर फिसलने के कारण वह चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। मौजूद लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
ललितपुर जनपद निवासी मनीष पुत्र सुरेश (32) श्री अवंतिका कॉन्ट्रैक्टर्स (इंडिया) लिमिटेड में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वह सीतापुर एपीटीसी परिसर में चल रहे बिल्डिंग निर्माण कार्य से जुड़े थे। बुधवार को मनीष निर्माणाधीन बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर चल रहे कार्य का निरीक्षण करने के लिए छत पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से वह चौथी मंजिल से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। मनीष की मौत की सूचना मिलने के बाद ललितपुर में रहने वाले परिजन सीतापुर पहुंचे। उन्होंने कंपनी के अफसरों पर काम काज के दौरान उत्पीड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों के अनुसार मनीष चार माह से अवसादग्रस्त थे। उन्हें चार माह से वेतन तक नहीं मिला था।
मंगलवार को इस बात को लेकर मनीष की अफसरों से बहस भी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि मनीष को धक्का देकर नीचे गिराया गया। परिजनों की तहरीर पर कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर एम एल रेड्डी व रमन्ना पर हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि मनीष के साथ काम करने वाले साथियों ने परिजनों के आरोप को उचित नहीं बताया। उनका कहना था कि यह हादसा मनीष का पैर फिसलने के कारण हुआ।