इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। जवाहर नवोदय विद्यालय में 12वीं का एक छात्र बैडमिंटन खेलते समय सिर के बल गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्कूल प्रशासन ने पहले उसे परिसर में ही प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। शनिवार देर शाम छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम न होने के कारण छात्र की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
तालगांव के मेहंदीपुर गांव निवासी अभिजीत वर्मा (16) पुत्र प्रभवतेश वर्मा इमलिया सुल्तानपुर के हरदौरापुर गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में इंटर का छात्र था। शुक्रवार देर शाम वह विद्यालय में बने कोर्ट में रोज की तरह दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। अचानक फिसलकर सिर के बल गिरने से वह बेहोश हो गया। दोस्तों ने विद्यालय प्रशासन को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे साथियों व शिक्षकों ने छात्र को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मौजूद चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। यहां इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया। इसके बाद अभिजीत के परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने लिखित बयान देकर छात्र का पोस्टमार्टम नहीं कराया। वह शव लेकर घर चले गए। शनिवार को छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
होनहार था अभिजीत, अचानक बिगड़ी तबियत
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एमके अग्रवाल ने बताया कि अभिजीत पढ़ने में काफी अच्छा था। इंटर में विज्ञान वर्ग में गणित का छात्र था। विद्यालय में वह हर रोज बैडमिंटन का अभ्यास करता था और विद्यालय स्तर पर वह अच्छा खिलाड़ी भी था। अचानक यह हादसा हो गया। हर कोई स्तब्ध है।