रामपुर कलां (सीतापुर)। गांव के बाहर खेत देखने गई एक किशोरी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हत्यारे शव को सड़क पर फेंककर फरार हो गए। परिजनों के तलाशने पर देर रात बालिका का शव सड़क पर पड़ा मिला। सूचना पर एसपी, फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। मामले में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। हत्या की वजह और हत्यारों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
रामपुर कलां इलाके नसीराबाद गांव की निवासी श्रद्धा (12) पुत्री कमल किशोर बीती शाम को गांव के बाहर खेत देखने गई थी। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी, इससे चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। तलाशने के दौरान गांव के बाहर सड़क किनारे देर रात किशोरी का शव पड़ा मिला। इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी आरपी सिंह, एएसपी एनपी सिंह, सीओ सिधौली यादुवेंद्र यादव टीम के साथ मौका-ए-वारदात पर पहुंचे। एसपी ने पूरे मामले की जांच की और परिजनों से बातचीत की।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चश्मदीदों के मुताबिक, किशोरी के गले पर कसाव के निशान पाए गए हैं। ऐसे में गला घोटकर हत्या की गई है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि किशोरी की हत्या किसने और क्यों की है। घटना को लेकर मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है।
सीओ सिधौली यादुवेंद्र यादव ने बताया कि मामले में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस टीमें लगी हुई हैं। कुछ सुुराग मिले हैं। उस पर कार्रवाई चल रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा। शक के आधार पर करीब सात लोगों को हिरासत में लिया है। एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मामले में कई पहलुओं पर जांच चल रही है।
गला घोंटकर हत्या की पुष्टि
रामपुर कलां में किशोरी की हत्या के मामले में गुरुवार देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की माने तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या की बात सामने आई है। रस्सी या किसी अन्य वस्तु से बालिका का गला कसा गया है, जिससे उसकी मौत हुई है। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालिका के सिर, गले, कंधे गाल समेत चार-पांच चोटों के और निशान पाए गए हैं।
शव का पोस्टमार्टम डॉक्टर के पैनल ने किया। पैनल में पहला सीएचसी के डॉक्टर आरबी सिंह, महिला अस्पताल की डॉक्टर रीतू शामिल रहीं। पैनल ने मामले में स्लाइड भी तैयार की है। उसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
गांव पहुंचा शव, अंत्येष्टि से इंकार
पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव गांव पहुंच गया। इसके बाद पुलिस प्रशासन शव का अंतिम संस्कार कराने की बात कहने लगा, लेकिन मृतका के पिता और अन्य परिजनों ने बालिका के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। उनका कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव की अंत्येष्टि नहीं की जाएगी। पुलिस व प्रशासन की ओर से मान मनौव्वल का दौर जारी था।
खुलासे में लगे हैं कई सीओ व थानेदार
ब्लाइंड मर्डर के खुलासे में सीओ सिधौली यादुवेंद्र यादव, सीओ बिसवां सुशील सिंह के अलावा 12 एसओ भी लगाए गए हैं। इसके अलावा एसपी आरपी सिंह, एएसपी एनपी सिंह भी मामले में लगातार नजर बनाए हुए हैं। एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि पुलिस घटना के कई पहलुओं पर जांच कर रही है। गांव में बातचीत के बाद कई सुराग मिले हैं, उस पर भी तहकीकात जारी है। मृतका के परिवार से गांव में ही प्रधानी के चुनाव को लेकर भी रंजिश की बात सामने आई है। इन सभी बिन्दुओं पर जांच जारी है।
रामपुर कलां में बालिका की गला घोंटकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।
- आरपी सिंह, एसपी