सीतापुर। नवागत जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने शनिवार की देर शाम कोषागार पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया। वर्ष 1997 बैच के पीसीएस अधिकारी विशाल भारद्वाज इससे पहले जिले की मिश्रिख तहसील में एसडीएम के पद पर रह चुके हैं। वर्ष 2019 में प्रमोशन के बाद आईएएस बने विशाल भारद्वाज की जिले में यह दूसरी पोस्टिंग है। इससे पहले अपर निदेशक स्थानीय निकाय व नगर निगम के अलावा रायबरेली में भी रहे हैं।
पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में नवागत जिलाधिकारी ने कहा शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन और जनता की शिकायतों का पारदर्शिता के साथ त्वरित निस्तारण उनकी प्राथमिकता है। कोरोना और डेंगू की रोकथाम को लेकर कार्ययोजना बनाते हुए कारगर उपाय किए जाने की बात कही है। डीएम ने इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।
सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा से जिले में कोरोना के मामलों की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि मरीजों से नियमित वार्ता के आदेश दिए हैं। डीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों और एसडीएम के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। कहा कि सूचनाओं पर नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई हो। ग्राम स्तर के कार्मिकों लेखपाल से सीधे संपर्क में रहते हुए जानकारी जुटाई जाएं। मास्क न लगाने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए। इस मौके पर सीडीओ संदीप कुमार, एडीएम विनय पाठक, सिटी मजिस्ट्रेट पूजा मिश्रा, एसडीएम अमित भट्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।