महमूदाबाद में शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु।
महमूदाबाद (सीतापुर)। दिगंबर जैन मंदिर में दशलक्षण पर्व के समापन पर श्रीजी की शोभायात्रा निकाली गई। दस दिन पूर्व शुरू हुए जैन धर्म के महत्वपूर्ण पर्व दशलक्षण का समापन सोमवार को हो गया। सुबह मंदिर में नित-नियम पूजन कार्यक्रम हुए। इसके बाद जैन धर्मावलंबियों ने श्रीजी को रथ पर विराजमान कर जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा निकाली।
शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष आमिर अरफात ने किया। शोभायात्रा बजाजा बाजार, रामकुंड चौराहा, कोतवाली मार्ग, बस स्टॉप होते हुए वापस जैन मंदिर पर समाप्त हुई। मंदिर पहुंचने पर श्रीजी को पांडुक शिला पर विराजमान कर अभिषेक, शांतिधारा और पूजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सुरेश वर्मा, कोतवाल अनिल सिंह, अध्यक्ष अनुज जैन, योगेश जैन, प्रवीण जैन, चंद्रकुमार जैन आदि उपस्थित रहे।