मध्याह्न भोजन योजना के तहत संकुल प्रभारी उपभोग प्रमाणपत्र देने में लापरवाही बरत रहे हैं। जिस पर बीएसए ने 131 संकुल प्रभारियों का वेतन रोक दिया है। स्पष्टीकरण जारी करते हुए तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है।
जिला समन्वयक एमडीएम बृजमोहन सिंह ने बताया जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने एमडीएम के तहत उपयोग हो रही खाद्य सामग्री का ब्योरा मांगा था। इसके लिए सभी स्कूलों से उपभोग प्रमाणपत्र जमा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन संकुल प्रभारी इनको जमा करने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
इसको लेकर कई बार निर्देश जारी किए जा चुके हैं। अब इनकी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस पर बीएसए राजेंद्र सिंह ने बिसवां के 16, महोली 12, कसमंडा 12, एलिया 10, खैराबाद 10, बेहटा 14, पिसावां 12, सिधौली 11, हरगांव 13, रामपुर मथुरा 9, सकरन 11 व नगर क्षेत्र के एक संकुल प्रभारी का अग्रिम आदेश तक वेतन रोक दिया है। जबकि महमूदाबाद व रेउसा विकासखंड ने उपभोग प्रमाणपत्र जमा कर दिया है।