सीतापुर। समितियों पर खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता मंगलवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। साधन सहकारी समिति कमलापुर में धरने पर बैठे रालोद नेताओं ने कहा कि किसान खाद के लिए परेशान हैं। मजबूरी में उन्हें महंगी दरों पर निजी दुकानों से खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों के लिए संघर्ष करना रालोद की प्राथमिकता है। अन्नदाता की समस्या का निदान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बेमियादी धरने पर बैठे रालोद प्रदेश महासचिव आरपी सिंह चौहान ने कहा कि सीतापुर में लंबे समय से डीएपी की कमी है। साधन सहकारी समितियों पर किसानों को भरोसा रहता है।
समितियों पर उर्वरकों की पर्याप्त व्यवस्था होती तो बिचौलियों और मिलावटखोरों से किसानों को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दन दिनों गेहूं और गन्ना की बोआई और खेतों में पलेवा का काम किसान कर रहे हैं। नहरों की सफाई अभी शुरू नहीं हुई है और साधन सहकारी समितियों से उर्वरक नदारत है। रालोद नेता कहा कि हम किसानों की आवाज को कमजोर नहीं होने देंगे। देश की समृद्धि के लिए किसान को खाद बीज समय से मिलना चाहिए। फसल उत्पादन का उचित और लाभकारी मूल्य देकर ही किसान को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हम एनडीए के घटक दल हैं और हमको इन्हीं किसानों के पास चुनाव में वोट मांगने जाना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायक, विधान परिषद सदस्य और संगठन के पदाधिकारियों को भी उर्वरकों की कमी का संज्ञान लेना चाहिए। भारतीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष धीरज सिंह ने भी साथियों सहित पहुंचकर धरने को समर्थन दिया। इस अवसर पर शिवम सिंह, मो. तालिब, प्रमोद कुमार पांडेय, सरवन मिश्र, लखन सिंह, नरेश गुप्ता, मो. उमर, ज्ञानेंद्र सिंह, रंजीत सिंह, पंकज सिंह, नीरज सिंह आदि लोग मौजूद थे।