सीतापुर। राज्य सूचना आयुक्त रचना पाल ने विकास भवन सभागार में 86 लंबित मामलों की सुनवाई कर इनमें से 50 प्रकरण निस्तारित किए। इस दौरान कई मामलों में मांगी गई सूचना देने में विलंब पर दो अफसरों से जवाब भी तलब किया गया है।
राज्य सूचना आयुक्त रचना पाल द्वारा 265 मामलों की सुनवाई के लिए जिले में तीन दिनों के विशेष शिविर के आयोजन का निर्देश दिया था। इससे संबंधित सभी लोगों को पूर्व में ही सूचना भी दे दी गयी थी। शिविर के पहले दिन शुक्रवार को विकास भवन सभागार में सूचना आयुक्त ने 86 मामलों की सुनवाई कर 50 प्रकरण निस्तारित किए।
36 मामलों में जवाब न देने वाले अफसरों को 25 एवं 27 सितंबर की तलब कर बीडीओ एलिया एवं डीएसओ से सूचना देने में विलंब पर जवाब मांगा है। साथ ही परसेंडी ब्लॉक के सचिव के द्वारा दो मामलों में सूचना न देने को लेकर जुर्माना करने संबंधी कार्रवाई भी की जा रही है।
इस दौरान कई मामलों में जन सूचना अधिकारियों ने बताया कि उनके कार्यकाल का मामला नहीं है। अब 25 सितंबर को राज्य सूचना आयुक्त द्वारा 95 प्रकरणों की सुनवाई के साथ ही जिन्हें फिर से बुलाया गया है, उनके मामलों की भी सुनवाई होगी।