रेउसा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में तैनात सहायक अध्यापिका से साथी शिक्षक ने स्कूल परिसर में ही रेप का प्रयास किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
क्षिका का आरोप है कि शिक्षक ने पहले उसके मोबाइल पर अश्लील एसएमएस किए। विरोध करने पर उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि शिक्षिका को मेडिकल के लिए भेजा जा रहा है।
मूलत: लखनऊ की निवासी एक शिक्षिका बतौर सहायक अध्यापक रेउसा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में तैनात है। बिसवां से वह रोज स्कूल आती-जाती हैं। यहीं पर आगरा निवासी शिक्षक धर्मेंद्र कुमार चौधरी बतौर सहायक अध्यापक तैनात हैं।
30 मार्च को यहां तैनात शिक्षिका ने एसपी बालेंदु भूषण सिंह व बीएसए को प्रार्थना पत्र देकर शिक्षक धर्मेंद्र कुमार चौधरी पर स्कूल परिसर में रेप के प्रयास का आरोप लगाया। उसके मुताबिक शिक्षक अक्सर अश्लील एसएमएस करता है। मना करने पर उसने कई बार छेड़खानी की भी की।
वहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। उधर, एसपी के निर्देश पर रेउसा पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ रेप के प्रयास समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। एसओ योगेंद्र सिंह का कहना है कि शिक्षिका को मेडिकल के लिए भेजा गया है। एसपी बालेंदु भूषण के मुताबिक शिक्षिका ने मोबाइल से भेजे गए अश्लील एसएमएस दिखाए थे।