डीएम की सख्ती के बावजूद जिले में खुलेआम जेसीबी से अवैध मिट्टी का खनन हो रहा है। खनन माफिया जेसीबी से मिट्टी खोदकर खेत को तालाब में तब्दील करने पर तुले हैं। खनन का यह काला कारोबार दिनदहाड़े हो रहा है पर अफसर जानकर भी अंजान बने हैं।
डीएम अमृत त्रिपाठी के जिले की कमान संभालने के बाद से खनन पर थोड़ा अंकुश लगा था लेकिन कुछ दिनों बाद ही जेसीबी से अवैघ खोदाई शुरू हो गई। जिले में जेसीबी से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से ढुलाई की जाती है। सूत्र बताते हैं, कि यह खनन माफिया खुलेआम नियम-कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
प्रशासन की अनुमति के बगैर मिट्टी खनन किया जा रहा है। मंगलवार को लुधौरा व हर्दी गांव के बीच भगवानदीन के खेत में जेसीबी चल रही थी। इससे पहले कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन के सामने विष्णु के खेत और उससे पूर्व पीरनगर, दाऊदपुर से खनन किया गया।
पिछले करीब दो माह से इलाके में मिट्टी खनन बेरोकटोक जारी है। दरअसल, खेत मालिक से ये लोग ऊपरी सतह से दो फीट गहराई तक मिट्टी खरीदते हैं। लेकिन जब जेसीबी चलती है, तो खेत में सात से आठ फीट तक गहरी खाई बना देते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक खेतों में मिट्टी खनन होने से आसपास के खेतों में उपज पर असर पड़ता है।
मिट्टी उड़ने से राहगीरों को होती परेशानी
खनन के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर ढुलाई के दौरान उड़ने वाली मिट्टी ग्रामीणों व राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। दरअसल, ट्रैक्टर-ट्रॉली जिस गांव तथा रास्ते से होकर गुजरती है, वहां चारों ओर सूखी मिट्टी उड़ती रहती है, जिससे लोगों को कुछ देर के लिए सामने दिखने के अलावा सांस लेने में दिक्कत होने लगती है।
कार्रवाई के दिए निर्देश
कमलापुर इलाके में मिट्टी खनन की जानकारी मिली है। थानाध्यक्ष कमलापुर को मामले की जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उदय प्रताप सिंह, एसडीएम, सिधौली