अटरिया (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात नेशनल हाईवे को पार करते समय वाहन की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसके पौत्र को मामूली चोटें आईं हैं। वृद्ध ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है।
अटरिया इलाके के गांव तेलियन गढ़ी मजरा गोधना निवासी लल्लू सिंह (60) शुक्रवार को पौत्र अतुल सिंह (20) के साथ इलाके के सहजनपुर गांव गए थे, जहां से देर रात दोनों लोग साइकिल से सवार होकर घर आ रहे थे। इस बीच अटरिया इलाके में सहजनपुर गांव के पास नेशनल हाईवे को पार करते समय तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं अतुल को चोटें आईं है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायलावस्था में उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां पर शनिवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं एसओ अटरिया सुरेश चंद्र मिश्रा ने बताया अभी तक मामले की कोई सूचना नहीं है। जानकारी मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।