तंबौर (सीतापुर)। आगामी पंचायत चुनाव में वोटरों को रिझाने का सिलसिला शुरू हो गया है। चुनाव में जीत हासिल करने की मंशा रखने वाले संभावित प्रत्याशियों ने नियमों को ताख पर रख बार -बालाओं का डांस कराया। नोट भी खूब लुटाए गए। इसका वीडियो वायरल होने पर मामला सुर्खियों में आया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारों की माने तो तंबौर इलाके के मानपुर मल्लापुर गांव में शनिवार की रात बार बालाओं की डांस पार्टी थी। सूत्रों का दावा है कि बार बालाओं को पूर्व प्रधान ने बुलवाया था और एक ग्रामीण के घर के सामने कार्यक्रम का आयोजन कराया गया। आयोजकों ने जिले में लागू धारा 144 व कोविड गाइडलाइन का मखौल उड़ाते हुए कार्यक्रम कराया।
इसमें सैकड़ों लोग मनोरंजन करने जुटे थे। बार बालाओं के फूहड़ डांस व गानों पर लोगों ने खूब नोट भी उड़ाए। इसका किसी ने वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस भी हरकत में आई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। इंस्पेक्टर अंबर सिंह ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।