रामकोट। क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। पिकअप ने बाइक सवार युवकों को पीछे से टक्कर मारी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित भाग निकला। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
मोहल्ला लालकुर्ती मोहल्ला निवासी अमित (28) शुक्रवार देर रात अपने परिचित अंकित (25) के साथ बाइक से किसी काम से रामकोट कस्बे की ओर गए थे। देर रात वह अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। माधवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुटती देख पिकअप चालक वाहन लेकर भाग निकला।
पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। अंकित का उपचार चल रहा है। सीओ सिटी विनय यादव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस को भी मौके पर कोई हेलमेट नहीं मिला है। पुलिस बाइक को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। हादसे में अमित की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। अस्पताल पहुंचे परिजन शव देखकर बिलख पड़े।