फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

600 से अधिक गांवों की गुल है बिजली, 100 से अधिक गिरे बिजली खंभे

विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। जिले में बीती रात आई आंधी व पानी की वजह से जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया। पूरे जिले की बिजली सप्लाई बिगड़ गई। 600 से अधिक गांवों में 20 घंटे बीत जाने के बाद भी सप्लाई बहाल नहीं हो सकी है। शहर में आठ घंटे बाद कुछ इलाकों की आपूर्ति बहाल कर दी गई थी, लेकिन उसके बाद ट्रिपिंग जारी है। पूरे शहर की भी आपूर्ति बहाल होने में देरी हो रही है। आंधी की वजह से तमाम जगहों पर दर्जनों पेड़ गिर गए तो वहीं 100 से अधिक बिजली के खंभे भी धराशायी हो गए हैं।
विज्ञापन

जिले में बीती रात करीब साढ़े 10 बजे अचानक आंधी व पानी ने दस्तक दी। आंधी आते ही बिजली सप्लाई तत्काल बंद कर दी गई। शहर के भवानीपुर फीडर, पुराना सीतापुर फीडर, संतोषी माता मंदिर के सामने फीडर सहित अन्य जगहों पर तकनीकी खामी आ गई। इसकी वजह से बिजली बंद कर दी गई। लंबे समय तक कटौती होने से शहरवासियों को काफी मुसीबत उठानी पड़ी। इससे घरों में लगे इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए।
कांशीराम कॉलोनी, पुराना सीतापुर सहित अन्य मोहल्लों में पानी की किल्लत उत्पन्न हो गई। रविवार सुबह सात बजे तक कुछ इलाकों में आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसके बावजूद तमाम इलाकों में देर शाम तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। हाल यह है जब लंबे समय तक कटौती बनी रही तो लोगों ने पॉवर कॉर्पोरेशन के अफसरों को फोन किया, लेकिन इन अफसरों ने भी उपभोक्ताओं को सही जवाब नहीं दिया।
विज्ञापन

महमूदाबाद संवाद के अनुसार अधिशाषी अभियंता आनंद प्रकाश वर्मा ने बताया रेउसा, सांडा, रामपुर मथुरा, पॉवर हाउस से संबंधित क्षेत्रों में फॉल्ट आने की वजह से सप्लाई बंद कर दी गई थी। करीब 38 गांवों में सप्लाई बाधित चल रही है। जल्द ही इसे बहाल करने की कोशिश की जा रही है। झरेखापुर संवाद के अनुसार झरेखापुर उपकेंद्र में तीन फीडर आते है। करीब 100 गांवों में बिजली बाधित चल रही है।
रिखौना गांव में अंधेरा छाया हुआ है। रामपुर मथुरा संवाद के अनुसार बांसुरा उपकेंद्र से जुड़े करीब 250 गांवों में अंधेरा फैला हुआ है। इन गांवों में कहीं तार टूट गए है तो कहीं खंभे टूटकर झुक गए हैं। जर्जर तार आंधी में टूटकर गिर गए हैं। पॉवर कॉर्पोरेशन की कई टीमें बिजली सप्लाई सामान्य करने में जुटी हुई हैं। लहरपुर संवाद के अनुसार लहरपुर पॉवर हाउस के सामने एक पेड़ खंभे पर गिर जाने से नगर व ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। इससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। करीब 20 घंटे से लगातार नगर व ग्रामीण क्षेत्र के लोग बिजली न आने से परेशान हो रहे है।
सेवता संवाद के अनुसार आंधी की वजह से 50 से अधिक गांवों की बिजली सप्लाई बंद चल रही है। तंबौर संवाद के अनुसार तंबौर लहरपुर मुख्य मार्ग पर लोधनपुरवा व कलनापुर के पास कई जगहों पर बिजली लाइन पर पेड़ व डाली गिरने से 33 केवी लाइन के तार टूट गए है। जिससे कस्बा समेत करीब 30 से अधिक गांवों की सप्लाई बाधित हो गई है।
इसी तरह पिसावां, मिश्रिख, बिसवां, सिधौली, अटरिया इलाके में बिजली गुल होने से लोगों को काफी दुश्वारियां उठानी पड़ी। अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया कि आंधी पानी की वजह से जिले में बिजली सप्लाई पूरी तरह से बिगड़ गई है। शहर की आपूर्ति बहाल कर दी गई है, गांवों की सप्लाई बहाल करने की पूरी कोशिश की जा रही है।
आंधी से दीवार गिरी, 10 घायल
बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शनिवार रात आई बारिश और आंधी से दीवार गिरने से 10 लोग जख्मी हो गए। दो लोगों को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। कोतवाली इलाके के मोहल्ला कैथीटोला निवासी विनय सिंह की माता गीता सिंह का शनिवार को निधन हो गया था। इसके बाद उनके परिजन और रिश्तेदार घर मे बैठे हुए थे। इसी दौरान आंधी और बारिश के चलते तीसरी मंजिल पर बनी दीवार अचानक भरभराकर गिर गयी।
जिसके मलबे में दबकर विनय सिंह (37), उनके भाई विभव सिंह (28), लखनऊ निवासी उपेंद्र सिंह तोमर (52), शहर कोतवाली निवासी विवेक सिंह( 50), बबलू (35), पंकज त्रिवेदी (40) मनीष अवस्थी (43), सुमन शुक्ला (35), आलोक वर्मा (28), गोल्डी शुक्ला (42) घायल हो गए। आनन फानन घायलों को बिसवां सीएचसी लाया गया। जहां उपेंद्र सिंह और विवेक सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उनको लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया हैै।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें