सीतापुर। विधानसभा चुनाव के संपन्न होने के बाद एमएलसी के चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से सदस्य के चुनाव (एमएलसी) के लिए 15 से 19 मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे। संपूर्ण नामांकन प्रक्रिया कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में कराई जाएगी। सभी गतिविधियों की वीडियोग्राफी होगी। इसके लिए सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त रहेंगे। परिसर की बैरिकेडिंग करने के साथ ही प्रवेश द्वार से अंदर जाने से पूर्व जांच की जाएगी। नौ अप्रैल को मतदान और 12 अप्रैल को मतगणना होगी।
विधानसभा चुनाव का परिणाम घोषित हो चुके हैं। जीते प्रत्याशी और उनके समर्थक इसका जश्न मना रहे हैं। हारे प्रत्याशियों के खेमे में उदासी छाई है। इसी मध्य एमएलसी चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसकी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। डीएम/ आरओ विशाल भारद्वाज की ओर से जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 15 मार्च को नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
19 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 21 मार्च को दाखिल नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 23 मार्च को नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। नौ अप्रैल का मतदान होगा। 12 अप्रैल को मतों की गणना की जाएगी। नामांकन संबंधी कार्रवाई कलेक्ट्रेट स्थित डीएम न्यायालय में होगी। चार और पांच फरवरी को जो नामांकन भरे गए हैं।
उन पर भी ऐसे अन्य नामांकन पत्रों के साथ विचार किया जाएगा, जो 15 से 19 मार्च तक भरे जा सकते हैं। कड़े सुरक्षा घेरे में नामांकन होंगे। इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। जिसके द्वारा प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क नजर रखी जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश के पूर्व थर्मल स्कैनिंग प्रवेश द्वार पर ही की जाएगी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए प्रवेश दिया जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अफसर शिखा श्रीवास्तव ने बताया स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से सदस्य के चुनाव के लिए सभी कार्य निर्वाचन आयोग से जारी निर्देशानुसार कराए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च से प्रारंभ होगी।
एडीएम को नियुक्त किया गया एआरओ
एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण सकुशल कराने के लिए डीएम ने एडीएम राम भरत तिवारी को सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) नियुक्त किया है। साथ ही नामांकन प्रक्रिया से लेकर मतगणना तक समस्त कार्यों को समय से पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट द्वितीय मो. शम्स तबरेज खान व सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत सुरेश प्रसाद को एआरओ के सहयोग के लिए संबद्ध किया है।
20 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
एमएलसी चुनाव के मतदान के लिए 20 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। सभी विकास खंडों को मतदेय स्थल बनाया गया है। साथ ही जिला पंचायत कार्यालय स्थित नेहरू हाल को भी मतदेय स्थल बनाय गया है। 3904 मतदाता मतदान करेंगे।