सीतापुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत डीएम सात अगस्त को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक महिलाओं से सीधे संवाद करेंगे।
यह जानकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार तिवारी ने देते हुए बताया कि हक की बात जिलाधिकारी के साथ कार्यक्रम का आयोजन सात अगस्त को किया जाएगा। जिसके द्वारा महिलाएं एवं बालिकाएं यौन हिंसा, लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा, कन्या भ्रूण हत्या, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न तथा दहेज हिंसा आदि के संबंध में सुझाव एवं सहायता के लिए सीधे जिलाधिकारी के साथ संवाद कर सकेंगी। महिला एवं बालिका को कार्यक्रम के माध्यम से लाभ प्राप्त करना है। वह सात अगस्त को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक डीएम कार्यालय के दूरभाष संख्या 05862-242996 पर एवं इसी दरम्यान समस्त तहसील स्तर पर भी सम्बन्धित उपजिलाधिकारी से सम्पर्क कर सकती हैं।
लहरपुर तहसील में सुनेंगे शिकायतें
सीतापुर। आज सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसमे जनता की शिकायतों एवं समस्याओं को स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाना है। डीएम विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में तहसील लहरपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जायेगा।